मोहनलाल की बरोज़ फिल्म का ट्रेलर रिलीज़ कर दिया गया है। मोहनलाल इस फिल्म से निर्देशन में अपना डेब्यू कर रहे हैं। इस मलयालम चिल्ड्रन फैंटेसी फिल्म को 25 दिसंबर से सिनेमाघरों में मलयालम भाषा में रिलीज़ किया जाना है, जिसे मलयालम दर्शकों के लिए क्रिसमस के तोहफे के रूप में पेश किया जाएगा।
बरोज़ फिल्म में मोहनलाल एक जिन के किरदार में दिखाई देंगे, जो वास्को डी गामा के छिपे हुए खजाने की रखवाली कर रहा है ताकि इस खजाने को वह इसके असली हकदार को सौंप सके। ट्रेलर को क्रिटिक्स से अच्छे रिव्यू मिले हैं, पर अगर इस फिल्म को हिंदी में रिलीज़ किया जाता, तो यह फिल्म हिंदी दर्शकों के लिए भी काफी अच्छी होती।
कैसा है फिल्म का ट्रेलर
एक बार ट्रेलर देखकर लगता है कि यह किसी हॉलीवुड फिल्म का ट्रेलर है। देखा जाए तो इस समय कई बड़ी-बड़ी फिल्मों के टीज़र और ट्रेलर रिलीज़ किए गए हैं, उदाहरण के लिए रामचरण की गेम चेंजर, अल्लू अर्जुन की पुष्पा 2। इन सभी ट्रेलरों को एक तरफ रख दीजिए और बरोज़ का ट्रेलर एक तरफ, यह ट्रेलर यह साबित करता है कि फिल्म में दम है।
बरोज़ में जिस दुनिया को दिखाया गया है, वह सिर्फ हॉलीवुड फिल्मों में ही देखने को मिलती है। फिल्म के ट्रेलर का वीएफएक्स और सीजीआई किसी भी हॉलीवुड फिल्म को टक्कर दे सकता है। आप इस फिल्म के वीएफएक्स को बाहुबली फिल्म से तुलना कर सकते हैं। बरोज़ फिल्म में डिज्नी फिल्म जैसा माहौल दिखाया गया है।
ट्रेलर देखकर लगता है कि यह फिल्म निश्चित रूप से क्रिसमस के दिन का माहौल बनाने वाली है। बरोज़ की सिनेमैटोग्राफी संतोष सिवन ने की है, और म्यूज़िक लिडियन नादस्वरम ने दिया है। फिल्म की अधिकांश शूटिंग कोच्चि, गोवा, बैंकॉक और चेन्नई में की गई है।
बरोज़ के ट्रेलर से पता चलता है कि मलयालम फिल्म इंडस्ट्री की क्रिएटिविटी का स्तर क्या है। यह हैरी पॉटर जैसी फिल्म होने वाली है। इसमें हमें एनिमेशन के साथ-साथ एक्शन, एडवेंचर और ड्रामा देखने को मिलेगा। फिल्म को 3D में शूट किया गया है, और इसे एक ताज़ा कंटेंट के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है।
इस तरह की फिल्म मलयालम सिनेमा में पहले नहीं आई है। जिस तरह से फिल्म में जादू की दुनिया दिखाई गई है, वह हमें एक अकल्पनीय दुनिया की सैर कराने वाली है। ट्रेलर आपकी फिल्म देखने की उत्सुकता को बढ़ा देता है।
हम यह नहीं कहते कि यह दूसरी फिल्मों का रिकॉर्ड तोड़ देगी, पर जो क्रिएटिविटी इस फिल्म में दिखाई गई है, उसे सिर्फ मलयालम सिनेमा के निर्देशक, प्रोड्यूसर और क्रिएटर ही कर सकते हैं।
बार-बार शूटिंग में दिक्कतें आने की वजह से लोगों को लग रहा था कि यह फिल्म रिलीज़ नहीं हो पाएगी। 123 सेकंड का यह ट्रेलर आपके अंदर एक जिज्ञासा पैदा करने में कामयाब रहा है।
मोहनलाल ने अपने ट्विटर हैंडल पर क्या लिखा
मोहनलाल ने अपने एक सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट में लिखा, बरोज़ का 3D ट्रेलर रिलीज़ हो गया है। 25 दिसंबर को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज़ किया जा रहा है।
जैसे ही इस मैसेज को डाला गया, वैसे ही दुनिया भर के मोहनलाल के फैंस और प्रशंसकों ने उन्हें बधाइयाँ देना शुरू कर दिया। मोहनलाल के फैंस और दर्शकों को जो सबसे ज़्यादा पसंद आया है, वह है इसके स्पेशल इफेक्ट्स। मोहनलाल पहली बार एक जिन की भूमिका में दिखाई देने वाले हैं।
मोहनलाल की एक फैन ने टिप्पणी की कि यह फिल्म थिएटर को हिला देगी। उनके फैंस को इस फिल्म के ट्रेलर का पिछले 5 सालों से इंतज़ार था। वह इंतज़ार अब 2024 में आकर खत्म हुआ है। बरोज़ की घोषणा 2019 में ही कर दी गई थी, पर कुछ कारणों से फिल्म में देरी होती रही।
इस फिल्म की कहानी Barroz: Guardian of D’Gama’s Treasure (बरोज़: डी’गामा के खजाने का संरक्षक) नाम के उपन्यास पर आधारित है। अभी तक आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की गई है कि यह फिल्म किन-किन भाषाओं में रिलीज़ की जाएगी, पर कुछ सूत्रों के माध्यम से खबर है कि इसे मलयालम के साथ-साथ तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और हिंदी भाषा में भी प्रस्तुत किया जा सकता है।
READ MORE







