दिलजीत दोसांझ पंजाबी इंडस्ट्री के टैलेंटेड एक्टर और सिंगर हैं, जहाँ एक तरफ इनकी आवाज़ ने सबको दीवाना बनाया, वहीँ दूसरी तरफ अपनी एक्टिंग से भी दिलजीत ने सबका दिल जीत लिया। दिलजीत दोसांझ का जन्म 6 जनवरी 1984 को जालंधर (पंजाब) में हुआ था, आज दिलजीत का जन्मदिन है और वह 41 साल के हो गए हैं। दिलजीत ने उड़ता पंजाब और जट्ट एंड जूलियट जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों से एक नयी पहचान बनाई।
महज़ 11 साल की उम्र से माँ-बाप से रहे दूर
दिलजीत दोसांझ अपनी पर्सनल लाइफ के बारे में बहुत कम बात करते हैं, उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि उनका बचपन काफ़ी अकेलेपन के साथ गुज़रा। जब दिलजीत 11 साल के थे, तो उनके माता-पिता ने उन्हें उनके मामा के पास रहने के लिए भेज दिया था, ताकि वह अच्छे से पढ़ाई कर पाएँ और बेसिक ज़रूरतें पूरी हो सकें। हालांकि दिलजीत इस निर्णय से खुश नहीं थे। उन्हें यह अफ़सोस है कि काश वह अपना बचपन अपने माता-पिता के साथ बिता पाते, वह उनसे बहुत प्रेम करते हैं।
कोचेला में परफॉर्म करने वाले पहले पंजाबी सिंगर
दिलजीत एक बेहतरीन गायक हैं, उन्होंने साल 2004 में एल्बम ‘इश्क दा उड़ा अड्डा’ में परफॉर्म किया, उनकी आवाज़ को दर्शकों ने काफ़ी पसंद किया। उसके बाद स्माइल, चॉकलेट, द नेक्स्ट लेवल जैसे गानों में अपनी आवाज़ का जलवा बिखेरा। द नेक्स्ट लेवल में दिलजीत को यो यो हनी सिंह के साथ काम करने का मौका मिला, इस जोड़ी को दर्शकों से खूब सराहना मिली। यही नहीं, दिलजीत पहले पंजाबी सिंगर हैं, जिन्हें अमेरिकी म्यूजिकल फेस्टिवल कोचेला में परफॉर्म करने का मौका मिला।
द लॉयन ऑफ पंजाब से फिल्मों में रखा कदम
दिलजीत में सिंगिंग स्किल के साथ-साथ एक्टिंग स्किल भी कूट-कूट कर भरी थी, यह उनके फैंस को तब पता चला, जब 2012 में उनकी पहली फ़िल्म ‘द लॉयन ऑफ पंजाब’ आयी। इसके बाद और भी कई फिल्मों में दिलजीत एक्टिंग का जलवा बिखेरते नज़र आये। और सिर्फ पॉलीवुड में ही नहीं, बल्कि दिलजीत ने बॉलीवुड की फ़िल्म उड़ता पंजाब, सूरमा, अर्जुन पटियाला, जोजी, गुड न्यूज़ और फिल्लौरी में भी अभिनय किया है, जिनमें उड़ता पंजाब और सूरमा को दर्शकों ने बहुत ज़्यादा पसंद किया।
विवादों में रह चुके
दिलजीत दोसांझ हाल ही में विवादों के घेरे में भी आये हैं। न्यू ईयर के सेलिब्रेशन पर लुधियाना के एक कॉन्सर्ट में सहायक प्रोफेसर पंडितराव धरेनवर ने दिलजीत के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई और यह आरोप लगाया कि वह शराब और नशीले पदार्थों पर गाना नहीं गा सकते, यह युवा पीढ़ी के लिए सही नहीं। इससे पहले भी दिलजीत पर यह आरोप लग चुका है। हालांकि दिलजीत ने सरकार को यह चुनौती देते हुए कहा कि अगर सरकार सभी स्टेट्स को ड्राई स्टेट घोषित कर दे, तो वह शराब पर कोई गाना नहीं गाएँगे, या फिर जिस स्टेट में उनका परफॉर्मेंस होता है, उस स्टेट में एक दिन के लिए ड्राई स्टेट घोषित करें।
READ MORE







