Jiohotstar के ओटीटी प्लेटफॉर्म पर 18 अक्टूबर 2024 को एक नई वेब सीरीज रिलीज की गई है, जिसका नाम ‘1000 बेबीज़’ है। इसका जॉनर ‘ट्रू क्राइम’ है। इस वेब सीरीज में कुल सात एपिसोड हैं, जिनमें से प्रत्येक एपिसोड की लंबाई 50 से 55 मिनट की है। सीरीज का डायरेक्शन ‘नाजिम कोया’ ने किया है, जिन्होंने इस वेब सीरीज से अपने डायरेक्शनल डेब्यू की शुरुआत की है। इसकी कहानी एक ऐसी बुजुर्ग रिटायर्ड नर्स की है, जिसकी पिछली जिंदगी काफी डार्क है।
कहानी
सीरीज के मुख्य किरदार में ‘सारा’ (नीना गुप्ता) देखने को मिलती हैं, जो एक हॉस्पिटल से रिटायर्ड बुजुर्ग नर्स है। वह अपने बेटे ‘विपिन’ (अश्विन कुमार लक्ष्मीकांतन) के साथ अपने घर में रहती है। सारा एक गंभीर मानसिक बीमारी से जूझ रही है, जिसमें उसे हर समय मार्कर पेन चाहिए होता है, जिससे वह दीवार पर हर वक्त कुछ न कुछ लिखती रहती है। विपिन एक पैथोलॉजी में जॉब करता है। लेकिन इन दोनों की जिंदगी में एक दिन ऐसा तूफान आता है, जो उनकी लाइफ तबाह कर देता है। एक रोज सारा अपने बेटे विपिन से अपनी बीती जिंदगी के बारे में कुछ खुलासे करती है।
वह बताती है, “जब वह अस्पताल में नौकरी करती थी, तो उसने बहुत सारे नवजात बच्चों की अदला-बदली की थी।” इन बदले हुए बच्चों की संख्या तकरीबन 1000 थी, जिस पर इस वेब सीरीज का नाम रखा गया है। यह सब सुनकर विपिन अपनी मां से काफी घृणा करने लगता है, और एक ऐसा कदम उठाता है, जो काफी सीरियस है। इसके बाद विपिन घर छोड़कर भाग जाता है। लेकिन कहानी में नया ट्विस्ट तब देखने को मिलता है, जब सारा अपने बेटे से बीते पापों का खुलासा करने से पहले ही एक लेटर लिखकर मजिस्ट्रेट को पोस्ट कर देती है, जिसमें वह अपना कन्फेशन लिखती है।
सारा उस चिट्ठी में क्या कन्फेशन लिखती है?
क्या सारा को उसके गुनाहों की सजा मिल पाती है?
क्या उन बदले हुए बच्चों के बारे में पता चल पाता है?
इन सभी सवालों के जवाब जानने के लिए आपको यह वेब सीरीज देखनी पड़ेगी, जो jiohotstar के ओटीटी प्लेटफॉर्म पर हिंदी में उपलब्ध है।
टेक्निकल एस्पेक्ट
सीरीज की सिनेमैटोग्राफी काफी एवरेज है, जिसमें किसी भी तरह का नयापन देखने को नहीं मिलता। बात करें इसके संगीत की, तो बैकग्राउंड म्यूजिक काफी बढ़िया है, जिससे सीरीज के बहुत सारे सीन्स को सिर्फ म्यूजिक के बल पर ही रोमांचित बनाया गया है, जिसके लिए इस वेब सीरीज के मेकर्स की तारीफ करना बनता है।
खामियां
सीरीज की सबसे बड़ी कमी इसकी लंबाई है, जो देखने में काफी लंबी लगती है, जिसके कारण आपका इस वेब सीरीज को देखने का अनुभव काफी खराब हो जाता है। इसकी कहानी काफी खींची हुई सी नजर आती है, जिसमें बहुत सारे फालतू किरदारों को जगह दी गई है, जिनकी कोई जरूरत मालूम नहीं होती। सीरीज की तीसरी सबसे बड़ी कमी इसकी स्टार कास्ट है, जो पूरी तरह से नई है, जिसके कारण नीना गुप्ता के रोल के अलावा आप किसी भी किरदार से कनेक्ट नहीं कर पाते।
फाइनल वर्डिक्ट
अगर आपको थ्रिलिंग वेब सीरीज देखना पसंद है, जिनकी लंबाई अगर ज्यादा भी हो, तब भी आपको कोई फर्क नहीं पड़ता, तो आप इस सीरीज को रिकमेंड कर सकते हैं। इसमें काफी यूनिक स्टोरी देखने को मिलती है, हालांकि इसका एग्जीक्यूशन उस लेवल का देखने को नहीं मिलता, जितना यह डिजर्व करती है। इसमें किसी भी प्रकार की न्यूडिटी या वल्गैरिटी नहीं दिखाई गई है, जिसके कारण आप इसे अपनी पूरी फैमिली के साथ भी देख सकते हैं, जो इसके लिए एक प्लस पॉइंट है।
हमारी तरफ से इस वेब सीरीज को 2.5/5 स्टार दिए जाते हैं।
READ MORE
Thukra Ke Mera Pyaar Season 2 कन्फर्म रिलीज़ डेट
Tabaah Movie Review: एक दिल छू लेने वाली कहानी या सिर्फ एक और लव स्टोरी







