फिल्म की कहानी न्यूयॉर्क शहर से शुरू होती है, जहां ‘स्काई राइली’ (नाओमी स्कॉट) नाम की एक मशहूर पॉप सिंगर है। उसे अचानक से अजीबो-गरीब चीजें दिखने लगती हैं, जो उसके अंधेरे अतीत से जुड़ी हैं। स्काई को हर हंसते हुए चेहरे में भयानक स्तर की डरावनी छवियां दिखाई देती हैं, जिनसे छुटकारा पाने के लिए उसे अपने अतीत में जाना पड़ता है।
कहानी हमें यह भी बताने की कोशिश करती है कि यदि आप मशहूर हैं, तो हर छोटी से छोटी चीज नहीं कर सकते, जो एक आम आदमी कर सकता है। जैसे कि सिरदर्द की गोली मेडिकल स्टोर से खरीदने का उदाहरण फिल्म में दिखाया गया है।
अगर पिछली फिल्म के मुकाबले इस फिल्म के डरावनेपन के स्तर की बात करें, तो इस बार वह और ज्यादा देखने को मिलता है। हालांकि, मेकर्स की तारीफ करनी चाहिए, जिन्होंने बिना जबरदस्ती के दृश्य डाले, हर एक सीन को चुनकर हमारे सामने रखा है।
इनमें आप जंप स्केयर मोमेंट को भरपूर एंजॉय करेंगे। कैसे एक स्माइल को क्रूर ढंग से डरावना बनाया जा सकता है, जिससे सबकी चीखें निकल जाएं, यह कोई निर्देशक पारकर फिन से सीखे, जिन्होंने फिर से एक शानदार फिल्म बनाई है। मूवी अंत में कई क्लिफहैंगर छोड़ जाती है, जिससे यह लगता है कि इसका तीसरा भाग भी जल्द देखने को मिल सकता है।
टेक्निकल एस्पेक्ट
फिल्म का बैकग्राउंड म्यूजिक काफी शानदार है, जो आपके दिल को दहलाने का काम करता है। मूवी को वाइड एंगल शॉट्स में शूट किया गया है, जिसके कलर ग्रेडिंग की बात करें, तो यह भी लाजवाब है।
खामियां
फिल्म की एक बड़ी कमी यह है कि इसकी मुख्य किरदार स्काई राइली के प्रति सहानुभूति थोड़ी कम महसूस होती है। इसकी दूसरी कमी फिल्म के क्लाइमेक्स में नजर आती है, जिसमें सभी चीजें अचानक से एक अलग मोड़ ले लेती हैं, जो थोड़ा अजीब सा लगता है। फिल्म की तीसरी कमी इसकी लंबाई है, जिसे थोड़ा कम किया जा सकता था, हालांकि इस 2 घंटे 12 मिनट की लंबाई के साथ भी कहानी काफी आकर्षक है।
फाइनल वर्डिक्ट
अगर आपको हॉलीवुड की हॉरर फिल्में देखना पसंद है, तो आप इस फिल्म के साथ अपना वीकेंड एंजॉय करना न भूलें। फिल्म आपको उस हद तक डराती है, जिसकी आप कल्पना भी नहीं कर सकते। हालांकि, यह फिल्म अपनी बिना खून-खराबे वाली थीम पर टिकी रहती है। फिल्म में न्यूडिटी या अश्लीलता नहीं है, जिसके कारण आप इसे परिवार के साथ भी एंजॉय कर सकते हैं।
हमारी तरफ से इस फिल्म को दिए जाते हैं 4/5 ⭐.
READ MORE







