बिग बॉस से फेम पाने वाली शहनाज़ कौर गिल के आज मिलियन में फैंस हैं, जो इनकी अदाकारी और नटखटपन को पसंद करते हैं। शहनाज़ एक भारतीय मॉडल, अभिनेत्री और सिंगर हैं। वह कई म्यूजिक एल्बम और फिल्मों में काम कर चुकी हैं, और अपनी आने वाली फिल्मों के लिए काफी चर्चाओं में हैं। इनका जन्म 27 जनवरी 1993 में पंजाब में हुआ, और वह अपना 32वां जन्मदिन मना रही हैं। उनके जन्मदिन के मौके पर जानते हैं उनकी आने वाली फिल्मों और उनसे जुड़ी कुछ खास बातें।
कौन हैं शहनाज़ गिल
चंडीगढ़ में पली-बढ़ी शहनाज़ का निकनेम सना है। उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई डलहौजी हिलटॉप स्कूल से की और ग्रेजुएशन की पढ़ाई लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी से पूरी की। उन्हें बचपन से ही सिंगिंग और एक्टिंग का शौक था। उन्होंने कई म्यूजिक एल्बम में काम किया है। इसके अलावा वह पंजाबी फिल्म ‘हौंसला रख’ और ‘काला शाह काला’ जैसी फिल्मों में अपनी अदाकारी का जलवा दिखा चुकी हैं।
बिग बॉस से मिला फेम
शहनाज़ पंजाबी प्रोजेक्ट्स से पंजाब में काफी ज्यादा चर्चाओं में थीं, तभी उन्हें बिग बॉस 13 में बतौर कंटेस्टेंट जाने का मौका मिला। शहनाज़ ने बिग बॉस के घर में एंट्री करते ही फैंस का ही नहीं, बल्कि सलमान खान का भी दिल जीत लिया था। उनकी भोली सूरत और शरारती हरकतों ने सबको अपना दीवाना बना लिया। शहनाज़ गिल बिग बॉस 13 के कंटेस्टेंट्स में सबसे ज्यादा लोकप्रिय कंटेस्टेंट बन गईं। उनकी और सिद्धार्थ शुक्ला की जोड़ी को भी काफी ज्यादा पसंद किया गया, जिससे उन्हें सिडनाज़ का टैग मिला। हालांकि वह बिग बॉस की विनर नहीं बन पाईं, पर फैंस के लिए वही विनर थीं।
सलमान खान के साथ किया डेब्यू
शहनाज़ को बिग बॉस में बहुत ज्यादा लोकप्रियता मिली। जब वह बिग बॉस के घर से बाहर आईं, तो उनके लिए काम की कमी नहीं थी। उन्होंने कई म्यूजिक एल्बम में काम किया, साथ ही उन्हें सलमान खान की फिल्म ‘किसी का भाई किसी की जान’ में काम करने का मौका मिला। इसके अलावा वह ‘थैंक यू फॉर कमिंग’ जैसी फिल्म में भी नज़र आईं।
तीन बड़ी फिल्मों में आने वाली हैं नज़र
शहनाज़ अपनी अपकमिंग फिल्मों में जमकर मेहनत कर रही हैं। उनकी आने वाली फिल्मों में फिल्म ‘इक्क कुड़ी’ की रिलीज़ डेट आ चुकी है, जिसका दर्शक इंतज़ार कर रहे थे। यह फिल्म 13 जून 2025 में रिलीज़ होगी। इसके अलावा शहनाज़ अपनी फिल्म ‘सब फर्स्ट क्लास’ में भी नज़र आएंगी। इस फिल्म में वह बॉलीवुड एक्टर वरुण शर्मा के साथ नज़र आने वाली हैं। फिल्म की शूटिंग लगभग पूरी हो गई है।
बात करें तीसरी फिल्म की, तो कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शहनाज़ की अगली फिल्म ‘100 परसेंट’ बताई गई थी। इस फिल्म में वह जॉन अब्राहम और नोरा फतेही के साथ नज़र आने वाली थीं। हालांकि, इस फिल्म को लेकर अभी कोई अपडेट नहीं आई है।
READ MORE








